Khabron wala
कुल्लू जिले में 2 अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार भुंतर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राधा-कृष्ण मंदिर के पास विमल प्रताप (30) पुत्र भानू प्रताप निवासी हुरला भुंतर बेसुध अवस्था में पाया गया। उसे तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल तेगुबेहड़ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने इस घटना पर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है।
उधर, दूसरी घटना में कुल्लू के चंडीगढ़ बिहाल क्षेत्र में एक 20 वर्षीय विवाहिता कृतिका की मृत्यु का मामला सामने आया है। मृतका के मायका वालों ने उसके ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार कृतिका ने बिलासपुर निवासी विक्रांत के साथ विवाह किया था। आरोप है कि शादी के कुछ महीनों बाद उसे पति और ससुर द्वारा प्रताड़ित किया जाने लगा, जिस कारण वह किराए का कमरा लेकर अलग रहने लगी थी। परिजनों का कहना है कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर ही उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। एस.पी. मदन लाल ने कहा कि दोनों मामलों में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। महिला मौत के मामले में परिजनों के बयानों के आधार पर ससुराल पक्ष से पूछताछ की जाएगी और तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है।










