ADVERTISEMENT

जब बर्फ की पहाड़ियों में खो गया था युवक…. फिर फरिश्ता बनकर पहुंची हिमाचल पुलिस

Khabron wala

हिमाचल पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और मानवता का परिचय देते हुए एक बहुमूल्य जान बचाई है। मनाली के दुर्गम व्यासकुंड क्षेत्र में बर्फ के बीच फंसे केरल के एक 20 वर्षीय पर्यटक को मनाली पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। भारी बर्फबारी और विषम परिस्थितियों के बीच पुलिस टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक को अपनी पीठ पर लादकर सुरक्षित स्थान तक पहुँचाया।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना मनाली को 112 हेल्प लाइन के माध्यम से सूचना मिली कि अर्शद नरिक्कोट्टु मेचेरी (निवासी मलप्पुरम, केरल) व्यासकुंड की ओर अकेले ट्रैकिंग पर निकला था। धुंधी ब्रिज से करीब 3 किलोमीटर ऊपर ट्रैकिंग के दौरान युवक अचानक भारी बर्फ में फंस गया। ठंड और बर्फ की अधिकता के कारण युवक के जूते भी बर्फ में कहीं खो गए, जिससे उसके पैर पूरी तरह सुन्न पड़ गए और वह चलने में असमर्थ हो गया।

सूचना मिलते ही अटल टनल रोहतांग की सुरक्षा में तैनात सब-इंस्पेक्टर राज कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके की ओर रवाना हुए। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को बर्फ के बीच ढूंढ निकाला। युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए सब-इंस्पेक्टर राज कुमार ने बिना समय गंवाए उसे अपनी पीठ पर उठाया और पहाड़ी के पथरीले व बर्फीले रास्ते से होते हुए नीचे सुरक्षित स्थान तक लेकर आए।

के.डी. शर्मा, डीएसपी मनाली का कहना है कि पर्यटक अब पूरी तरह सुरक्षित है। पर्यटकों से अपील है कि वे अनजान और दुर्गम क्षेत्रों में अकेले ट्रैकिंग पर न जाएं।”

युवक ने हिमाचल पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह उनका शुक्रगुजार हैं, वरना वो आज यहां पर नहीं होता।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!