Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रोहड़ू क्षेत्र में सक्रिय चिट्टा तस्करी के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश के बिजनौर से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है।
गुदड़ू मोहल्ला में छापेमारी से शुरू हुई कार्रवाई
मामले का खुलासा 26 मार्च 2026 को हुआ, जब रोहड़ू पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुदड़ू मोहल्ला स्थित एक दुकान में नशे की खरीद-फरोख्त हो रही है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पिन्कू राम (36) और सुनील पुहारता (24) को 53.13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और तकनीकी पहलुओं की जांच की, तो एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पूछताछ में सामने आया कि रोहड़ू का पिन्कू राम दरअसल उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी सलमान हैदर (39) के लिए काम कर रहा था।
मैकेनिक बनकर बनाया था नेटवर्क
मुख्य आरोपी सलमान हैदर पूर्व में रोहड़ू बाजार में मैकेनिक का काम कर चुका है। इसी दौरान उसने स्थानीय युवाओं से जान-पहचान बढ़ाई और अपना एक मजबूत सप्लाई नेटवर्क तैयार कर लिया। वह बिजनौर से भारी मात्रा में चिट्टा हिमाचल भेजता था, जिसे स्थानीय तस्कर युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचते थे।
UP से सरगना की गिरफ्तारी
नेटवर्क का पता चलते ही शिमला पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन कर उत्तर प्रदेश रवाना किया। तकनीकी निगरानी और निरंतर पीछा करने के बाद पुलिस टीम ने सलमान हैदर को उसके पैतृक स्थान बिजनौर से धर दबोचा। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस सप्लाई चेन को पूरी तरह खत्म किया जा सके।












