पांवटा साहिब:खड़ी कार में रहस्यमयी आग, पलभर में जलकर हुई राख
तारुवाला- बेड़ेवाला रोड पर बीएसएनएल टावर के समीप उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे खड़ी एक टाटा पंच कार में रात को अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन पूरी तरह जलकर खत्म हो गया।
कार मालिक राकेश कुमार पुत्र जीनिया राम गांव भागनल डा मिल्ला के अनुसार वाहन रात को सामान्य रूप से घर के पास खड़ा किया गया था। देर रात अचानक अजीब आवाज सुनाई दी, जिसके बाद बाहर आकर देखा तो गाड़ी धू-धू कर जल रही थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। आग के दौरान गाड़ी के अंदर से तेज धमाकों जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे लोग दहशत में आ गए। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि गाड़ी को नहीं बचाया जा सका। पुलिस की शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी यानी शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। फिलहाल वाहन मालिक ने किसी तरह की साजिश या संदेह से इनकार किया है और बीमा के जरिए नुकसान की भरपाई की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।











