Khabron wala
देश के कई राज्यों में इन दिनों गर्मी से हाल बेहाल है. हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी भी इन दिनों गर्मी से लोग परेशान हैं. मौसम विभाग ने प्रदेश के 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी है. इसके साथ ही लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा और कांगड़ा जिले के उच्च पहाड़ी इलाकों में और किन्नौर में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है.
हिमाचल के इन 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के 8 जिलों में हीटवेव चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले में एक-दो स्थानों पर लू चलने की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर जरूरत न हो तो घर से बाहर न निकलें, खासकर दोपहर के वक्त. घर से बाहर निकलने के दौरान छाता लेकर चलें या सिर ढककर घर से बाहर निकलें.
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, प्रदेश का सबसे गर्म स्थान ऊना रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. प्रदेश के विभिन्न जिलों में पड़ी रही भीषण गर्मी की वजह से बाहरी राज्यों से हिमाचल आ रहे पर्यटक भी हसीन वादियों का आनंद नहीं ले पा रहे हैं. अगले 48 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है. वहीं, अगले 2-3 दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है. इसके बाद अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है.
मौसम का पूर्वनुमान
मौमम विभाग के अनुसार, गुरुवार 28 मई को प्रदेश के विभिन्न जिलों में हीटवेव, बारिश, ओलावृष्टि, 40-50 किमी की रफ्तार से तेज आंधी और बिजली कड़कने को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 28 मई को हिमाचल में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान भी होने हैं. ऐसे में लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है.
हिमाचल में कब होगी मानसून की एंट्री?
मौसम विभाग के निदेशक शोभित कटियार ने कहा कि, “मानसून अभी अंडमान पहुंचा है. 1 जून तक केरल पहुंचने के बाद ही हिमाचल प्रदेश में दस्तक देगा. हिमाचल में इस बार 25 जून के आसपास मानसून आने की संभावना है. पिछले साल 20 जून को हिमाचल में मानसून की एंट्री हुईं थी और 24 जून तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश हो गई थी. इस बार मानसून सीजन में कम बारिश होने का अनुमान है. पिछले साल यानी 2025 में 45 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई थी.”








