Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में फायर सीजन के दौरान जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं. सोलन जिले की पर्यटन नगरी कसौली के साथ लगते घने जंगलों में मंगलवार को आग लगी. वहीं, मंगलवार दोपहर भड़की आग ने शाम होते-होते विकराल रूप धारण कर लिया. आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि लपटें एयरफोर्स स्टेशन कसौली के बेहद नजदीक पहुंच गई, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत सेना से मदद मांगी. भीषण आग को देखते हुए भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर को आग बुझाने के अभियान में लगाया गया.
चीड़ की पत्तियों से लगी जंगल में आग
सेना का हेलीकॉप्टर चंडीगढ़ की सुखना झील से पानी भरकर आग प्रभावित क्षेत्र में लगातार पानी बरसाता रहा. करीब 7/8 घंटे तक चले इस हवाई ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया जा सका. स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद जंगेशू क्षेत्र की ओर से चीड़ की सूखी पत्तियों में अचानक आग लग गई. गर्मी के कारण बारूद की तरह सूख चुकी चीड़ की पत्तियों ने चिंगारी पकड़ी और देखते ही देखते पूरे जंगल को अपनी चपेट में ले लिया. तेज हवाओं और भीषण गर्मी के चलते ये आग पल भर में ही कई किलीमीटर तक फैल गई.
वहीं, स्थानीय लोगों द्वारा जंगल में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड और वन विभाग को दी गई. आग की सूचना मिलते ही छावनी परिषद कसौली की फायर ब्रिगेड, एयरफोर्स स्टेशन की दमकल इकाई मौके पर पहुंच गई. हालात बिगड़ते देख कुठाड़ व परवाणू से भी दमकल विभाग की गाड़ियां बुलाई गईं. मकल कर्मी, वन विभाग के कर्मचारी और सेना के जवान पूरी रात आग बुझाने में जुटे रहे, जिसके बाद कुछ हद तक आग पर काबू पाया गया.
“एयरफोर्स के चोपर्स अभी भी कसौली के आसपास के जंगलों में आग को बुझाने के लिए सुखना लेक से पानी लेकर आ रहे हैं. हालांकि अभी तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है, लेकिन पहले के मुकाबले जंगलों में आग की स्थिति पर काबू जरूर पाया गया है.” – महेंद्र प्रताप सिंह, एसडीएम कसौली
एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन कसौली के पास आग पूरी तरह से बुझ चुकी है और स्थिति नियंत्रण में है. वन विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है, लेकिन अब कसौली के माल रोड, वीआईपी एरिया जंगेषु मणोन रोड, हर कसौली अप्पर मॉल के नजदीक जंगलों में आग लगी हुई है. इसी के साथ सोलन के शमलेच, आंजी, कंडाघाट, बसाल जैसे घने जंगलों में आग ने तांडव मचाया हुआ है. यहां पर भी वन विभाग की टीमें आग पर काबू पाने के लिए लगातार कार्य कर रही है.
कसौली में आग का तांडव
इसके अलावा मंगलवार को कसौली उपमंडल के थारूगढ़ गांव, मनोन चन्होल व बढ़यार, बड़ोग, सनावर के जंगल में आग भड़की. इसे काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को खूब मशक्कत करनी पड़ी. थारुगढ़ गांव के जंगल में सोमवार देर रात से आग ने तांडव मचाया हुआ है. बेकाबू आग ने अबतक कई किलोमीटर क्षेत्र को अपने चपेट में ले लिया है. जिससे वन संपदा, जंगली जानवरों को बहुत नुकसान हुआ है. वहीं, मनोन गांव के जंगल में भी आग लगने से खासा नुकसान हो गया है. सनावर के जंगल में भी आग लगने के बाद से क्षेत्र में धुंआ ही धुंआ हो गया है. वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि वे वनों को बचाने में अपना सहयोग दें.







