सनवाल में मतदान के दौरान बवाल, पोलिंग पार्टी मतदान ड्यूटी से सस्पैंड

Khabron wala 

विकास खण्ड तीसा की सनवाल पंचायत के गुवाड़ी मतदान केंद्र पर मंगलवार को पहले चरण के मतदान के दौरान अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थिति तब बिगड़ी जब मतदान प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायतें सामने आईं। पोलिंग पार्टी पर आरोप है कि उन्होंने वृद्ध और दिव्यांग मतदाताओं के साथ अंदर जाने वाले परिजनों का न तो कोई फॉर्म भरा और न ही उनका ब्यौरा दर्ज किया। इस लापरवाही के कारण प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से पूरी पोलिंग पार्टी को मतदान ड्यूटी से सस्पैंड कर दिया है और उन्हें तीसा मुख्यालय में तलब किया गया है। उनकी जगह नई टीम को मतदान संपन्न करवाने के लिए अन्य स्थान पर भेजा गया है।

दो पक्षों में भिड़ंत और तनावपूर्ण स्थिति

जब कुछ दिव्यांग व वृद्ध मतदाताओं के साथ उनके परिजन मतदान केंद्र में प्रवेश कर रहे थे उसी समय यह विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि यह प्रक्रिया पोलिंग एजैंटों की आपसी सहमति से हो रही थी, लेकिन तभी एक प्रत्याशी के अभिकर्त्ता ने इस पर हंगामा खड़ा कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों में जमकर भिड़ंत हो गई, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मतदान को बीच में ही रोकना पड़ा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर मतदान फिर से शुरू करवाया।

मतदान केंद्र में कैद हुई टीम, व्यक्ति ने की अभद्रता

तनाव के बीच हंगामा उस समय चरम पर पहुंच गया जब एक व्यक्ति जबरन मतदान केंद्र के अंदर घुस गया और बवाल शुरू कर दिया। आरोप है कि उस व्यक्ति ने एक पोलिंग एजैंट को थप्पड़ तक जड़ दिया। इतना ही नहीं, उसने मतदान केंद्र का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे पूरी पोलिंग टीम कमरे के अंदर ही कैद हो गई। हालांकि सहमी हुई टीम ने बड़ी सूझबूझ दिखाते हुए मतदान सामग्री को पूरी तरह सुरक्षित रखा। काफी देर बाद जब पुलिस की अतिरिक्त टीम मौके पर पहुंची तब दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला गया।

विवादित केंद्र पर फिर होगा मतदान

प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए गहन जांच-पड़ताल की है। पूरी स्थिति और पोलिंग पार्टी की लापरवाही की रिपोर्ट तैयार कर चुनाव आयोग को भेज दी गई है। विवादित मतदान केंद्र पर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए दोबारा मतदान करवाने का निर्णय लिया गया है। फिलहाल तीसा प्रशासन चुनाव आयोग के आगामी दिशा-निर्देशों का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद ही री-पोल की तारीख घोषित की जाएगी।

सनवाल पंचायत में केवल विवादित केंद्र को छोड़कर शेष अन्य केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। हालांकि इस हंगामे के चलते सनवाल पंचायत की मतगणना प्रक्रिया को रोक दिया गया है। देर रात तक चली प्रशासनिक कार्रवाई के बाद सभी मतपेटियों को कड़ी पुलिस सुरक्षा के घेरे में भंजराडू स्थित स्ट्रांग रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। अब मतगणना का भविष्य चुनाव आयोग के अंतिम आदेशों पर निर्भर करेगा।

एसडीएम राजेश जरयाल ने बताया कि मतदान केंद्र के अंदर और बाहर हंगामा करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं और एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!