Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून सीजन की पहली मौत हुई है. मंडी जिले में चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड के चलते महिला की मौत हो गई. फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है. महिला परिवार के साथ कार में सवार थी.
जानकारी के अनुसार, बीती रात से ही मंडी जिले में मूसलाधार बारिश हो रही है. ऐसे में बुधवार सुबह शहर से करीब 40 किमी दूर मंडी और कुल्लू की सीमा में औट में हादसा देखने को मिला.
मंडी के एएसपी अभिमन्य शर्मा ने बताया कि औट के शनि मंदिर के समीप पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से नालागढ़ निवासी एक महिला की मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि महिला अपने परिवार के साथ कार में सवार थी और इस बीच उसकी तबीयत खराब हुई तो वह उल्टी करने के लिए कार से नीचे उतरी. हालांकि, इसी बीच पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरा और महिला चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सुबह 10 बजे जारी अपनी रिपोर्ट में बताया कि मंडी में 28 सड़क मार्ग बंद हैं, जबकि 198 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है. विभाग सड़कें खोलने और बिजली बहाल करने में जुटे हैं. उधऱ, बारिश के कारण ब्यास नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है.
मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में भी सिद्धपुर धर्मपुर रोड हाजरी क्रशर के पास और धर्मपुर-जोगिन्द्रनगर सड़क भंडारी मिक्सर प्लांट के पास अवरुद्ध हो गया है. कांढापतन–रखेड़ा मार्ग पर सड़क पर मलबा गिरा है और आवागमन प्रभावित हुआ है.








