Khabron Wala
जिला शिमला के चौपाल उपमंडल के तहत नेरवा मार्ग पर एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक बाइक अनियंत्रित होकर करीब 120 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे बाइक सवार 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय घटनास्थल के आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते दुर्घटना का पता तुरंत नहीं चल सका। पुलिस ने गश्त के दौरान इस हादसे का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार चौपाल पुलिस थाने की एक टीम मुख्य चौपाल-नेरवा रोड पर गश्त और वैरिफिकेशन के कार्य पर थी। इसी दौरान नेवटी के पास पुलिस कर्मियों की नजर सड़क से लगभग 120 मीटर नीचे नाले में गिरी एक क्षतिग्रस्त बाइक (HP 98-0885) पर पड़ी। जब पुलिस टीम नीचे उतरी, तो वहां एक युवक का शव भी बरामद हुआ। घटनास्थल सुनसान होने के कारण इस हादसे का कोई चश्मदीद गवाह नहीं था।
पुलिस ने जब वाहन और शव की शिनाख्त की, तो मृतक की पहचान केवल राम पुत्र नारायण सिंह के रूप में हुई। युवक गांव हमान, डाकघर ढंग्यार, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर का रहने वाला था। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक अकेला ही नेरवा के रास्ते अपने घर (सिरमौर) की तरफ जा रहा था। इसी दौरान ढलान वाले रास्ते पर उसका बाइक से नियंत्रण खो गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।
खाई गहरी और रास्ता कठिन होने के कारण पुलिस थाना नेरवा की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर रेस्क्यू ऑप्रेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद शव को नाले से बाहर निकालकर सड़क तक लाया गया। इसके बाद शव को सिविल अस्पताल नेरवा ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद देह को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुई प्रतीत होती है। इस संबंध में चौपाल पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के असल कारणों का पता लगाने के लिए आगामी जांच कर रही है।










