हिमाचल में 7 HPAS-2 HPSS अधिकारियों के तबादले, CM ऑफिस के अधिकारी से वापस लिया CEO का अतिरिक्त प्रभार

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक कामकाज में कसावट लाने और विभागों के सुचारू संचालन के मकसद से ब्यूरोक्रेसी में अहम फेरबदल किया है। राज्य सरकार ने 7 एचपीएएस और 2 एचपीएसएस (सचिवालय सेवाएं) अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त कार्यभार सौंपने के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव केके पंत द्वारा जारी इन आदेशों में मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर ग्रामीण विकास, शिक्षा और गृह विभाग तक के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

सचिन कनवाल से वापस लिया अतिरिक्त प्रभार, सुरेंद्र मोहन को नई जिम्मेदारी

इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव 2009 बैच के एचएएस अधिकारी सचिन कनवाल से जुड़ा है। सचिन कनवाल वर्तमान में मुख्यमंत्री के एडिशनल सैक्रेटरी हैं। सरकार ने उनसे सीईओ स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया है, हालांकि वह सीएम के एडिशनल सैक्रेटरी के पद पर अपनी सेवाएं देते रहेंगे। उनकी जगह अब रूरल डिवैल्पमैंट के एडिशनल डायरैक्टर सुरेंद्र मोहन को सीईओ स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरेंद्र मोहन अपने वर्तमान पद का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालते रहेंगे।

स्वाति गुप्ता को अहम विभाग, मोनिका और प्रवीण को प्रमोशन के बाद तैनाती

प्रशासनिक सुधार और अन्य विभागों की जिम्मेदारी युवा अधिकारियों को सौंपी गई है। 2019 बैच की एचएएस अधिकारी डॉ. स्वाति गुप्ता को प्रशासनिक सुधार विभाग में ज्वाइंट सैक्रेटरी लगाया गया है। इसके साथ ही उन्हें ट्रेनिंग एंड फॉरेन असाइनमैंट तथा सैनिक कल्याण विभाग के ज्वाइंट सैक्रेटरी का अतिरिक्त जिम्मा भी सौंपा गया है। इसके अलावा, पदोन्नति के बाद मोनिका सूद को शिक्षा विभाग में अंडर सैक्रेटरी और प्रवीण कुमार को ग्रामीण विकास विभाग में अंडर सैक्रेटरी के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रोमिला शर्मा को सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) का अंडर सैक्रेटरी और सुख राम को टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में अंडर सैक्रेटरी लगाया गया है। सुख राम डिजिटल टैक्नोलॉजी एवं गवर्नैंस विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी देखेंगे। उनके कार्यभार संभालते ही रंजना शर्मा इस प्रभार से भारमुक्त हो जाएंगी।

सचिवालय सेवाओं के 2 अधिकारी बदले

एचपीएएस के साथ-साथ दो एचपीएसएस (सचिवालय सेवाएं) अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। जय प्रकाश को गृह विभाग का अंडर सैक्रेटरी बनाया गया है, जबकि सचिवालय प्रशासन विभाग के अंडर सैक्रेटरी कपिल मोहन को कृषि विभाग के अंडर सैक्रेटरी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

जल्द होगा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

एचएएस अधिकारियों की इस सूची के जारी होने के बाद अब सचिवालय के गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार प्रशासनिक स्तर पर और भी बदलाव करने के मूड में है और जल्द ही कुछ बड़े आईएएस अधिकारियों के तबादला आदेश भी जारी किए जा सकते हैं।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!