Himachal: अमरनाथ यात्रा पर जा रही बस के फेल हुए ब्रेक, 49 श्रद्धालु थे सवार…ड्राइवर ने ऐसे टाला बड़ा हादसा

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के देहरा में मुबारिकपुर-रानीताल नैशनल हाईवे-503 पर वीरवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां ढलियारा के खूनी कहलाने वाले खतरनाक तीखे मोड़ों पर अमरनाथ यात्रा पर जा रही एक निजी बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। बस में 49 श्रद्धालु सवार थे। मौत को सामने देख बस में चीख-पुकार मच सकती थी, लेकिन बस चालक की अदम्य सूझबूझ और फुर्ती ने सभी की जान बचा ली।

ड्राइवर ने ऐसे टाला मौत का मंजर

जानकारी के अनुसार राजस्थान के जयपुर से अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का एक जत्था निकला था। वीरवार को जब उनकी बस ढलियारा के तीखे मोड़ों से गुजर रही थी, तभी अचानक बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। ऐसे खौफनाक वक्त में ड्राइवर ने संयम नहीं खोया। उसने शिव मंदिर वाले तीखे मोड़ से ठीक पहले बस को सड़क किनारे मौजूद एक खुली जगह की तरफ मोड़ दिया। बस वहीं जाकर रुक गई और एक संभावित बड़ी त्रासदी टल गई। यदि चालक चंद सैकेंड की भी देरी करता, तो अगले मोड़ पर बस सीधे गहरी खाई में जा सकती थी।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को खरोंच तक नहीं आई, हालांकि बस को मामूली नुक्सान पहुंचा है। सुरक्षित बचने के बाद डरे-सहमे श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और बस चालक की जमकर तारीफ की। यात्रियों ने भगवान भोलेनाथ का आभार जताते हुए कहा कि वे बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जा रहे थे और शिवजी की कृपा से ही आज उन सभी की जान बची है। यात्रियों के अनुसार उनके दल की कुल 4 बसें अमरनाथ यात्रा के लिए एक साथ रवाना हुई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

गौरतलब है कि ढलियारा के ये तीखे मोड़ हादसों के लिए कुख्यात हैं। नैशनल हाईवे अथॉरिटी (एनएचएआई) ने यहां चेतावनी वाले सांकेतिक बोर्ड भी लगा रखे हैं, इसके बावजूद हादसों का सिलसिला नहीं रुक रहा है। बीते एक सप्ताह के भीतर इस जगह पर यह तीसरी घटना है, जिसने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एसपी देहरा ने की वाहन चालकों से अपील

इस लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए एसपी देहरा संदीप धवल ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने सभी ड्राइवरों से अपील की है कि वे ढलियारा मार्ग पर विशेष सावधानी बरतें, ढलान पर वाहन की गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!