ADVERTISEMENT

बरोटीवाला में युवक की बेरहमी से हत्या, शिव मंदिर के प्रांगण में खून से लथपथ मिला शव

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला बद्दी के तहत बरोटीवाला थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बटेड गांव में देर रात एक 28 वर्षीय प्रवासी युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह युवक का खून से लथपथ शव एक शिव मंदिर के प्रांगण में मिलने से इलाके में दहशत फैल गई।

बिहार का रहने वाला था मृतक

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आशुतोष कुमार गौरव (28) पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। आशुतोष बरोटीवाला स्थित एक निजी उद्योग में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 7-8 वर्षों से अपने माता-पिता और बहन के साथ बटेड गांव में ही किराए के मकान में रह रहा था।

गुरुवार सुबह बरोटीवाला पुलिस को मंदिर परिसर में शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। मृतक के शरीर और घटनास्थल के हालात देखकर प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से जोरदार वार किया गया है, जिससे उसकी मौत हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके साथ ही फोरैंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरैंसिक टीम ने मौके से कई अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि हत्यारे तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने हत्या का मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की 3 से 4 विशेष टीमें गठित की गई हैं। फोरैंसिक साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के असली कारणों का खुलासा किया जाएगा और जो भी इस मामले में शामिल होगा उसे सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *