Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विरुद्ध इंटरनेट मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में यूट्यूबर एवं इंटरनेट मीडिया ब्लागर रोहित कटवाल को हरोली पुलिस ने घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
इस मामले में संजू गुज्जर द्वारा थाना हरोली में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इंटरनेट मीडिया पर साझा की गई टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं और इससे सामाजिक माहौल प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई।
टाहलीवाल में गत दिवस क्रशर के रास्ते को लेकर लड़ाई हुई थी। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया था। इसके बाद यूट्यूबर ने इंटरनेट मीडिया पर डिप्टी सीएम और पुलिस पर कई तरह के आरोप लगाए थे। उन्होंने कथित पर डिप्टी सीएम की स्वर्गीय पत्नी पर भी टिप्पणी की थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इंटरनेट मीडिया पर साझा की गई सामग्री, संबंधित डिजिटल साक्ष्य तथा अन्य तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। जांच में अन्य कोई तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

