Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में इस बार जुलाई का मानसून कई मायनों में खास रहा. प्रशांत महासागर में अल नीनो जैसी परिस्थितियां सक्रिय रहने के बावजूद प्रदेश में अच्छी बारिश दर्ज की गई. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है और एक-दो जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई है. सुंदरनगर और मुरारी देवी में बदाल गरजने के साथ बिजली भी कड़की है. मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी सोमवार 3 अगस्त को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ-साथ लैंडस्लाइड और जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है.
हिमाचल में भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज (सोमवार, 3 अगस्त को) हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने आज बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिले में एक-दो जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. ऊना, शिमला और सोलन जिले में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और एक-दो दौर मध्यम बारिश होने की संभावना है. प्रदेश के शेष जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज से 8 अगस्त तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. 8 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल स्पीति जिले में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान कम ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान/बिजली कड़कने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, बिलसापुर जिले के ब्रह्मणी में 9 सेमी, सिरमौर के पांवटा साहिब में 6 सेमी, बिलासपुर जिले के आरएल एडब्ल्यूएस में 5 सेमी, ऊना के रायपुर मैदान में 5 सेमी, बिलासपुर सदर में 4 सेमी, बलासपुर के बरठीं में 4 सेमी, बिलासपुर के ओलिंदा में 3 सेमी, सोलन में 3 सेमी, सोलन एडब्ल्यूएस में 3 सेमी, कंडाघाट में 3 सेमी, दोहरा गोपीपुर में 3 सेमी, कांगड़ा में 3 सेमी, ऊना के नंगल बांध में 3 सेमी, कांगडा के गुलेर में 2 सेमी, मंडी जिले के पंडोह में 2 सेमी, शिमला में 2 सेमी, रोहड़ू में 2 सेमी, पच्छाद में 2 सेमी, शिमला एडब्ल्यूएस में 1 सेमी, जोगिंदरनगर में 1 सेमी और सराहन में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई है.
भारी बारिश की वजह से विभिन्न क्षेत्रों में बागवानी और खेती को आंशिक नुकसान की संभावना है.
भारी बारिश के कारण प्रदेश के निचले क्षेत्रों में जलजमाव की समस्या हो सकती है.
फिसलन भरी सड़कों और कम विजिबिलिटी के चलते गाड़ियां फिसलने की संभावना है.
भारी से बहुत भारी बारिश के चलते सड़क मार्ग बाधित होने से विभिन्न क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम होने की संभावना.
भारी बारिश के कारण जरूरी सेवाएं और रोजाना के बाहरी काम कुछ समय के लिए प्रभावित होने की संभवना है.
जनता से प्रशासन की अपील
लैंडस्लाइड, फ्लैश फ्लड और जमीन धंसने वाले संभावित क्षेत्रों से दूर रहें.
भारी बारिश के दौरान वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का पालन करें.
बरसात के मौसम में संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें.
नदी-नाले उफान पर होने के चलते पानी वाली जगहों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें.
प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें.

