ADVERTISEMENT

नाहन मैडीकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल : डा. बिंदल

Khabron wala 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और इसका सबसे गंभीर उदाहरण नाहन मैडीकल कॉलेज है। शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले के एकमात्र प्रमुख चिकित्सा संस्थान में आज सिटी स्कैन, अल्ट्रासाऊंड तथा अन्य महत्वपूर्ण डायग्नोस्टिक सेवाएं चिकित्सकों की कमी के कारण बंद होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। यह अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है, क्योंकि इसका सीधा असर हजारों मरीजों के उपचार पर पड़ रहा है। डा. बिंदल ने कहा कि भाजपा पहले भी नाहन मैडीकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को सरकार के समक्ष उठाती रही है। ऑप्रेशन थिएटर लंबे समय से पूरी क्षमता के साथ संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिसके कारण ऑर्थोपेडिक्स, सामान्य सर्जरी तथा स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में ऑप्रेशन के लिए मरीजों को 15-15 दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।

गंभीर रोगियों को समय पर उपचार न मिलना स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य मैडीकल कॉलेजों में नए विभाग, नई सुविधाएं और सीटों का विस्तार किया जा रहा है, लेकिन नाहन मैडीकल कॉलेज विकास की दौड़ में लगातार पिछड़ता जा रहा है। इसका खमियाजा सिरमौर जिले के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। डा. बिंदल ने सरकार से मांग की कि नाहन मैडीकल कॉलेज में चिकित्सकों के रिक्त पद तत्काल भरे जाएं, बंद पड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को शीघ्र बहाल किया जाए, ऑप्रेशन थिएटरों को पूरी क्षमता से संचालित किया जाए ताकि सिरमौर की जनता को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *