Khabron wala
कमरऊ क्षेत्र के बागनधार में एक माइन पर हुए भूस्खलन में 3 लोगों के मलबे में दबने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। हादसे के बाद शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने प्रशासन और सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।बलदेव तोमर ने पांवटा साहिब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि यह हादसा दोपहर करीब 2 बजे के आसपास हुआ है। लेकिन शाम तक भी मलबे को हटाने और रेस्क्यू का काम शुरू नहीं किया गया। उन्होंने कहा बरसात के मौसम में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद बागनधार की इस माइन पर खनन कैसे चल रहा था? यह सीधे तौर पर प्रशासन की लापरवाही है। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला उद्योग मंत्री के अपने क्षेत्र का है। इसके बावजूद यहां नियमों को ताक पर रखकर खनन किया जा रहा था। उन्होंने कहा जब मंत्री के क्षेत्र में ही इस तरह की अनदेखी होगी तो पूरे प्रदेश में खनन माफिया को कौन रोकेगा?
बलदेव तोमर ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तुरंत गंभीरता से काम किया जाए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया जाए। साथ ही उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।











