पांवटा साहिब : DC के आदेशों के बावजूद किशनपुरा–पुरुवाला–कांशीपुर मार्ग पर दौड़ रहे भारी वाहन
पुरुवाला। किशनपुरा–पुरुवाला–कांशीपुर सड़क मार्ग पर भारी वाहनों एवं ट्रालों की आवाजाही को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। कुछ दिन पूर्व इस संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया था। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, उक्त मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के संबंध में DC महोदया द्वारा आदेश जारी किए गए थे। आदेशों के तहत पुलिस विभाग को आवश्यक स्थानों पर बैरिकेड्स लगाने तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) को Heavy Vehicle से संबंधित साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए थे।
हालांकि, स्थानीय स्तर पर इन निर्देशों का प्रभावी अनुपालन होता नजर नहीं आ रहा है। भारी वाहन एवं ट्राले अभी भी इस मार्ग पर आवाजाही करते देखे जा रहे हैं। इससे सड़क सुरक्षा और स्थानीय लोगों की सुविधा को लेकर चिंता बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब प्रशासन की ओर से इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं, तो संबंधित विभागों द्वारा उनका धरातल पर पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं आवश्यक निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन किसी अप्रिय घटना की प्रतीक्षा किए बिना DC के आदेशों को प्रभावी रूप से लागू करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।









