ADVERTISEMENT

सोलन से शिमला आ रही बस में स्पैशल सैल का छापा, चिट्टे के साथ किन्नौर का तस्कर गिरफ्तार

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पुलिस ने नशे के खिलाफ अपना अभियान और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस के स्पैशल सैल की टीम ने सोलन की तरफ से आ रही एक बस में छापेमारी कर किन्नौर के रहने वाले एक 31 वर्षीय युवक को 10 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्पैशल सैल शिमला की टीम इलाके में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि किन्नौर का रहने वाला रोहित नाम का युवक बस के माध्यम से नशीले पदार्थ की खेप लेकर शिमला की ओर आ रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी और वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी।

नाकाबंदी के दौरान सोलन की ओर से आ रही एक बस को चैकिंग के लिए रोका गया। पुलिस ने बस के अंदर तलाशी अभियान चलाया तो एक सीट पर बैठा युवक पुलिस को देखकर घबराने लगा। शक के आधार पर जब युवक के पास रखे पिट्ठू बैग की सघन जांच की गई तो उसके अंदर से एक पारदर्शी प्लास्टिक का पाऊच बरामद हुआ। इस पाऊच में हल्के भूरे रंग के पदार्थ की दो डलियां रखी हुई थीं, जो वजन करने पर 10 ग्राम चिट्टा पाया गया। पुलिस ने तुरंत नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया। आरोपी की पहचान रोहित (31) पुत्र लाल चंद निवासी जिला किन्नौर के रूप में हुई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी रोहित को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ शिमला के पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह चिट्टा कहां से लाया था और शिमला में किसे सप्लाई करने वाला था। आरोपी को रिमांड हासिल करने के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *