ADVERTISEMENT

चिट्टा आरोपी को पकड़ने नाले में उतरी पुलिस, कोर्ट में पेशी के दौरान चकमा देकर हुआ था फरार

Khabron wala

हिमाचल के बिलासपुर कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे के मामले में पेशी के लिए लाया गया एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. आरोपी के भागने की सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए. उसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमों ने आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू कर दी. इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी आरोपी को ढूंढने में पुलिस की मदद की.

नाली में जा छिपा चिट्टे का आरोपी

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस चिट्टा तस्करी से जुड़े मामले में आरोपी को बिलासपुर कोर्ट में पेशी के लिए लेकर पहुंची थी. इसी दौरान आरोपी पुलिस की निगरानी से बचकर अचानक भाग निकला. आरोपी के फरार होते ही पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा किया और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू कर दी. आरोपी भागते हुए बिलासपुर बस स्टैंड की ओर पहुंच गया और वहां एक गुफानुमा नाली में जा छिपा.

पुलिस ने काफी देर तक आसपास के क्षेत्र को खंगाला. बाद में आरोपी के नाली में छिपे होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान आरोपी को नाली से बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. काफी कोशिशों के बाद पुलिस ने आरोपी को नाली से बाहर निकाला और उसे दोबारा हिरासत में लिया. करीब 45 मिनट चले इस तलाशी अभियान के बाद आखिरकार पुलिस ने चिट्टे के आरोपी को पकड़ लिया. स्थानीय लोगों ने भी इस दौरान पुलिस की पूरी मदद की.

“अदालत में पेशी के लिए लेकर आए चिट्टे के आरोपी ने पुलिस को चकमा दिया और कोर्ट परिसर से भाग गया. पुलिस ने काफी देर की तलाश के बाद आरोपी को फिर से पकड़कर हिरासत में ले लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.” – अभिषेक धीमान, एसपी बिलासपुर

घटना की जांच में जुड़ी पुलिस

वहीं, आरोपी के कोर्ट परिसर से भागने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं. फिलहाल पुलिस आरोपी को दोबारा कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है और पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा पता लगाया जा रहा है कि आखिर कैसे आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागा और इसमें वह अकेला ही था या फिर किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा उसकी भागने में मदद की गई.

12.58 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था आरोपी

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि 1 सितंबर, सोमवार को स्वारघाट में पुलिस ने नाके के दौरान एक व्यक्ति की तलाशी ली. इस दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12.58 ग्राम चिट्टा बरामद किया था. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया. आरोपी की पहचान कुल्लू जिले के रहने वाले चंद्रवीर (उम्र 32 साल) के तौर पर हुई है.

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *