ADVERTISEMENT

हिमाचल के टॉप स्कूल में पढ़े जनरल राणा, अब ब्रिटेन में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी

Khabron wala

हिमाचल के कसौली स्थित द लॉरेंस स्कूल सनावर के एक पूर्व छात्र ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिसने हिमाचल का सिर भी गर्व से ऊंचा कर दिया है। नेपाल सेना के पूर्व प्रमुख जनरल गौरव शमशेर जंग बहादुर राणा को नेपाल सरकार ने ब्रिटेन में अपना नया राजदूत बनाया है।

पढ़ाई के बाद सेना में बनाया खास मुकाम

बता दें कि गौरव राणा ने हिमाचल के सनावर स्कूल में करीब 10 साल तक पढ़ाई की थी। जनरल गौरव राणा स्कूल के दौरान हिमालया हाउस में रहते थे। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने नेपाल सेना में अपनी सेवाएं दीं और कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2012 से 2015 तक वह नेपाल सेना के चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद पर रहे। अब ब्रिटेन में नेपाल के राजदूत के लिए नामित होने पर स्कूल और उनके पुराने साथी भी खुशी जता रहे हैं।

जनरल राणा का सनावर स्कूल से जुड़ाव आज भी बना हुआ है। वर्ष 2013 में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित स्कूल के 166वें फाउंडर्स डे समारोह में उन्होंने मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने स्कूल में बिताए अपने बचपन के दिनों को याद किया था।

उनकी सेवाओं और उपलब्धियों को देखते हुए स्कूल ने उन्हें प्रतिष्ठित ‘ओल्ड सनावरियन लाइफटाइम अचीवर्स अवार्ड’ से भी सम्मानित किया था। उनके ब्रिटेन में राजदूत नामित होने पर ओल्ड सनावरियन सोसाइटी ने उन्हें बधाई दी है।

सनावर स्कूल के कई पूर्व छात्र बड़े पदों पर

द लॉरेंस स्कूल सनावर के कई पूर्व छात्र आज राजनीति, सेना, प्रशासन, कारोबार और दूसरे क्षेत्रों में अहम जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इनमें पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल, हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन बिश्नोई और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी शामिल हैं।

सेना, राजनीति और फिल्म जगत में भी बनाई पहचान

सनावर स्कूल के पूर्व छात्रों में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, पंजाब के पूर्व राजस्व मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया, जम्मू-कश्मीर सरकार के पूर्व मंत्री अजात शत्रु सिंह और हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी शामिल हैं। वहीं, अमेरिका में भारत के पूर्व राजदूत और दिल्ली के वर्तमान उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, भूटान की महारानी जेत्सुन पेमा और अभिनेता संजय दत्त, सैफ अली खान, राहुल रॉय, वरुण शर्मा और वीर दास जैसे नाम भी इसी स्कूल से जुड़े रहे हैं।

देश के कई बड़े नाम सनावर स्कूल के छात्र रहे

स्कूल के पूर्व छात्रों में भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त नवीन चावला, राधा स्वामी सत्संग ब्यास के पूर्व प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों, भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल विष्णु भागवत, ओलंपियन मानवजीत सिंह संधू, कारोबारी नेस वाडिया और पंकज मुंजाल समेत कई अन्य प्रमुख नाम शामिल हैं। इन पूर्व छात्रों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *