ADVERTISEMENT

Sirmaur: जुए के अड्डे का भंडाफोड़! 1.41 लाख कैश सहित 10 गिरफ्तार, मकान मालिक पर भी केस दर्ज

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के ददाहू बाजार में पुलिस ने एक जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। नाहन पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 1.41 लाख रुपए से अधिक की नकदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने जुआरियों के साथ-साथ जगह मुहैया कराने वाले मकान मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईयू नाहन की टीम जमटा, ददाहू, श्री रेणुका जी और संगड़ाह क्षेत्रों में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को एक गुप्त सूचना मिली कि ददाहू बाजार में यूको बैंक के समीप रहने वाला अमित सभरवाल अपने घर में अवैध रूप से जुआ खिलवाता है। इस सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अमित सभरवाल के मकान की धरातल मंजिल पर स्थित एक कमरे में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि कमरे में कुछ लोग फर्श पर बैठकर ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगा रहे थे।

पुलिस ने तलाशी के दौरान मौके से दांव पर लगाए गए 1,41,500 रुपए नकद बरामद किए। इसके अलावा खेले जा रहे 52 ताश के पत्ते और तीन नई बंद ताश की गड्डियां भी जब्त की गई हैं। पकड़े गए सभी आरोपी सिरमौर जिले के ही रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़े गए आरोपियों की पहचान तहसील शिलाई निवासी सुनील अत्री (35), गोविंद सिंह (40), राजेंद्र कुमार (42), कलम सिंह (56), राकेश शर्मा (38), रामचंद्र (40), विक्रम सिंह (41), और दीपचंद (49) तथा सुरजन सिंह (30) और महेंद्र सिंह (45) निवासी गांव व डाकघर पराडा, तहसील ददाहू के रूप में की गई है।

संगड़ाह के डीएसपी मंगतराम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने जुआ खेलते पकड़े गए सभी 10 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही, अपने घर में अवैध रूप से जुए का अड्डा चलाने के आरोप में मकान मालिक अमित सभरवाल के खिलाफ भी सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *