राजगढ़ के मयोग गांव में पति पत्नी ने कमरे में फंदा लगाकर की आत्महत्या, दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
बच्चों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को दी हादसे की जानकारी
किराए के कमरे में हुई दर्दनाक घटना से क्षेत्र में पसरा मातम, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
Khabron wala
नाहन : जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल राजगढ़ की ग्राम पंचायत कोठिया जाजर के गांव मयोग में सोमवार को किराए के कमरे में रह रहे पति-पत्नी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय अजय उर्फ परमील पुत्र स्व. भाग सिंह निवासी गांव कोटला मागंन डाकघर काथली भरण तहसील व थाना राजगढ और 33 वर्षीय ममता पुत्री स्व. जगमोहन सिंह निवासी गांव बाग धमनिया डाकघर डिम्बर तहसील व थाना राजगढ जिला सिरमौर के रूप में हुए हैं। पुलिस को घटना की जानकारी बच्चों ने 112 नंबर पर कॉल कर दी। हादसे की जानकारी मिलते ही राजगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया जा रहा है। इस घटना के बाद से दो बच्चों के ऊपर से माता-पिता का साया उठ गया है। घटना ने क्षेत्रवासियों को झकझोर कर रख दिया है। ग्राम पंचायत कोठिया जाजर की प्रधान ममता कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव मयोग में पति-पत्नी ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक दंपति के दो लड़के भी हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पति-पत्नी ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। आत्महत्या के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उधर मामले की पुष्टि करते हुए राजगढ़ के डीएसपी वीसी नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।












