*पांवटा साहिब की खस्ताहाल सड़कों की बदलेगी सूरत, तारकोल बिछाने का काम युद्ध स्तर पर जारी*
Khabron wala
पांवटा साहिब से देवी नगर और रामपुर घाट को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर तारकोल बिछाने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। विभाग के अधिकारी खुद समय-समय पर मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि लोगों को अच्छी और टिकाऊ सड़क मिल सके।
बता दें कि लंबे समय से यह सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी। सड़क पर बने गड्ढे बरसात के दिनों में तालाब जैसे नजर आते थे, जिससे लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था।
बरसात का मौसम खत्म होते ही विभाग ने शहर की मुख्य सड़कों को दुरुस्त करने का बीड़ा उठा लिया है।
*परशुराम चौक से पुरुवाला तक और अब रामपुर घाट तक काम तेज -*
जानकारी के अनुसार परशुराम चौक से लेकर पुरुवाला होते हुए उत्तराखंड को जोड़ने वाली सड़क पर तारकोल का कार्य लगभग पूरा होने वाला है। वहीं अब *विश्वकर्मा चौक से रामपुर घाट* तक की सड़क पर भी तारकोल बिछाने का कार्य तेज गति से शुरू कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों ने विभाग के इस कदम का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि सड़क ठीक होने से न केवल जाम की समस्या से राहत मिलेगी बल्कि हादसों पर भी अंकुश लगेगा।







