Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान का असर पहाड़ी राज्य में भी देखने को मिल रहा है। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब रहने और कई जगह बारिश होने के आसार हैं।
4 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिले के कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने के साथ बिजली गिरने की आशंका है। इन जिलों में मौसम खराब रह सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की भी संभावना है। प्रदेश के बाकी जिलों में भी एक-दो जगह हल्की बारिश हो सकती है। शिमला शहर और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश के एक-दो दौर हो सकते हैं।
छितकुल में गिरे बर्फ के फाहे, तापमान शून्य से नीचे
किन्नौर जिले के सांगला क्षेत्र के सीमावर्ती गांव छितकुल में गुरुवार को हल्की बर्फबारी हुई। बर्फबारी के बाद यहां ठंड काफी बढ़ गई है और तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। मौसम खराब होने के चलते प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे जहां ठहरे हुए हैं, फिलहाल वहीं रहें। प्रशासन ने लोगों को मौसम ठीक होने तक सफर न करने की सलाह दी है, ताकि किसी तरह का हादसा न हो।
बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश के तापमान में भी गिरावट आई है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी इलाका सबसे ठंडा रहा। यहां रात का न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, ऊना प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अक्टूबर में सामान्य से 15 फीसदी ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मानसून के बाद 1 से 29 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश में कुल 28.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह सामान्य बारिश 24.8 मिलीमीटर के मुकाबले 15 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान किन्नौर में सामान्य से 46 फीसदी और सिरमौर में 38 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मंडी जिले में बारिश सामान्य रही, जबकि प्रदेश के बाकी 9 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है।







