Khabron wala
पुलिस थाना भुंतर के तहत एक व्यक्ति द्वारा शादी का झांसा देकर महिला को कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर शराब पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना भुंतर में सीसीटीएनएस ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पुलिस थाना धनोटू जिला मंडी से एक जीरो एफआईआर प्राप्त हुई है। शिकायतकर्त्ता महिला ने पुलिस थाना धनोटू में शिकायत सौंपी है कि वह मेलों में दुकानदारी करती है। वर्ष 2022 में मंडी शिवरात्रि मेले में हरियाणा के सोनीपत जिला निवासी विकास कुमार से उसकी जान-पहचान हुई। अप्रैल 2022 में कुल्लू दशहरा उत्सव में विकास ने बताया कि उसका तलाक हो गया है और वह उससे शादी करना चाहता है। आरोपी उसे बहला-फुसलाकर भुंतर स्थित एक आश्रम में किराए के कमरे में ले गया, जहां उसने कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर उसे पिलाई और उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया और 2-3 दिन तक वहीं रखा।
वर्ष 2022 में आरोपी ने दोबारा उसी आश्रम में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया और उसके निजी फोटो मोबाइल में खींच लिए। जून-जुलाई 2022 में वह उसे हरियाणा के सोनीपत ले गया, जहां 4-5 महीने साथ रहे। इसके बाद बीच-बीच में मिलते रहे। महिला ने शिकायत में बताया है कि 2022 से अभी तक आरोपी ने उससे 9 लाख रुपए और दुकान का सामान लिया और वापस नहीं किया है। मई 2026 तक आरोपी ने अपनी पत्नी से तलाक नहीं लिया और न ही उससे शादी की। अब आरोपी निजी फोटो वायरल करने की धमकियां दे रहा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।









