Khabron wala
जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों पर नकेल कसने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान को एक और सफलता मिली है। पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित कैंची मोड़ के पास कार्रवाई करते हुए एक युवक को 7.23 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम कैंची मोड़ फोरलेन पर नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने रूट पर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस को चैकिंग के लिए रोका। बस में सवार यात्रियों और उनके सामान की जांच के दौरान एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। तलाशी लेने पर उक्त व्यक्ति के कब्जे से 7.23 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 34 वर्षीय हितेंद्र के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से गांव सांडला, डाकघर कटिंडी, तहसील सदर व जिला मंडी का निवासी है। मादक पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी।
जिला पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने इस मामले की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।









