ADVERTISEMENT

सोलन में फायरिंग मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, पिस्तौल व कारतूस बरामद; जानें कौन हैं सभी?

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़-बद्दी इलाके में गोलीबारी की तीन अलग-अलग घटनाओं के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने बताया कि आरोपियों को पंजाब के मोहाली में बलोंगी बैरियर के पास एक विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के बाद संदिग्धों का पता लगाने के लिए पांच विशेष टीमें बनाई गई थीं। पुलिस के अनुसार, पहली घटना में 14 अक्टूबर को बुटा पलासी इलाके में मोटरसाइकिल पर सवार नकाबपोश हमलावरों ने रणबीर सिंह के घर के बाहर हवा में गोलियां चलाईं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 23 और 24 अक्टूबर की दरमियानी रात को हमलावरों ने बुटा पलासी में ही मनप्रीत सिंह के घर के बाहर चार राउंड गोलियां चलाईं। पुलिस ने बताया कि 25 अक्टूबर को गोलजामाला में कबाड़ व्यापारी ‘यूसुफ एंटरप्राइजेज’ के ऑफिस-सह-स्टोर के बाहर पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। पुलिस के मुताबिक, इन तीनों घटनाओं को मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश लोगों ने अंजाम दिया था।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पंजाब के आनंदपुर साहिब के रहने वाले देवेंद्र सिंह (34) और उपकार सिंह (29); रोपड़ के रहने वाले अमृतपाल सिंह (32) एवं हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं के रहने वाले राजेंद्र कुमार (29) के रूप में हुई है। धीमान ने बताया कि देवेंद्र सिंह मुख्य संदिग्ध है और उसने ही कथित तौर पर तीनों घटनाओं में पिस्तौल से गोलियां चलाई थीं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक स्कॉर्पियो SUV, एक जिगाना पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें कोई और भी शामिल था या नहीं, और गोलीबारी की इन घटनाओं के पीछे के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। धीमान ने कहा कि नालागढ़-बद्दी इलाके में गोलीबारी की घटनाओं या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली अन्य गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *