Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर बुधवार को 17 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के उपमंडल की देव ब्राडता पंचायत का है। मृतका की पहचान देव ब्राडता निवासी पंकज कुमार की 17 वर्षीय पुत्री जिया के रूप में हुई है। वह वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देव ब्राडता में 12वीं कक्षा में पढ़ती थीं। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह जिया घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन विद्यालय से करीब 20 मीटर पहले ही उसके पेट में अचानक दर्द शुरू हुआ और उल्टियां आने लगीं। तबीयत अधिक बिगड़ने के कारण वह वापस घर लौट आई। इसके बाद परिजन तुरंत छात्रा को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल सरकाघाट ले गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हमीरपुर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन यहां इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतका तीन बहनों में सबसे छोटी थी।










