ADVERTISEMENT

BIG BREAKING: सोलन में गोलीकांड, बाइक सवार को गोलियों से भूना

BIG BREAKING: सोलन में गोलीकांड, बाइक सवार को गोलियों से भूना

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश में लगातार कानून व्यवस्था खराब हो ही है. सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में गोलीकांड हुआ है. रामशहर मार्ग पर 10 नवंबर, मंगलवार को दिनदहाड़े 58 वर्षीय व्यक्ति पर बाइक सवार युवक ने जानलेवा हमला कर दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इसमें घायल शख्स को तीन गोलियां लगीं और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान असलम (58) के रूप में हुई है, जिसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, असलम नाम का शख्स बाइक रामशहर मार्ग से अपने घर की ओर जा रहा था. जैसे ही वह पीर बाबा की दरगाह से कुछ पहले स्थित सब्जी की दुकान के पास पहुंचा, तभी बाइक पर सवार एक युवक वहां आया और उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. फायरिंग में असलम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया.

इसी दौरान सब्जी की दुकान के पास मौजूद जोगिंदर नामक व्यक्ति ने मानवता दिखाते हुए घायल असलम को अपनी गाड़ी में डालकर तुरंत नालागढ़ के सिविल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने उसे प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया.

जोगिंदर ने बताया कि असलम को पेट और टांग में गोलियां लगी थी और असलम यानी बल्लू को वह जानते हैं और बाइक पर हमलावर अकेले ही था. उसने अस्पताल पहुंचाने के लिए मदद मांगी थी.

इस मामले में सिविल अस्पताल नालागढ़ के इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. तमन्ना ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि असलम नामक 58 वर्षीय व्यक्ति को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था. चिकित्सकीय जांच में उसके शरीर पर गोली लगने के तीन घाव पाए गए. इनमें दो गोलियां पेट में और एक टांग के हिस्से में लगी थी. प्राथमिक उपचार देने के बाद मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया.

जानकार सूत्रों के हवाले से सामने आ रही जानकारी के अनुसार घायल असलम और हमले का आरोपी युवक नालागढ़ के जुहूवाल क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. दोनों के बीच प्रीत नगर कॉलोनी के पास स्थित एक पुराने मकान और नाली को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. सूत्रों के मुताबिक, दो-तीन दिन पहले भी आरोपी युवक ने असलम के साथ झगड़ा किया गया था और उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी. मंगलवार को गोलीकांड से पहले भी कथित तौर पर फोन के माध्यम से उसे धमकियां दी गईं. इसके बाद जब असलम अपने घर की ओर जा रहा था तो रास्ते में उसका रास्ता रोककर उस पर गोलियां चला दी गईं. हालांकि, हमले के पीछे की असली वजह और पुरानी रंजिश से जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी.

घटना की सूचना मिलते ही थाना नालागढ़ के प्रभारी राकेश रॉय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र को सील किया और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं. इसके साथ ही पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर आरोपी की तलाश के लिए भेजी गई हैं. फिलहाल घायल असलम का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है. दूसरी ओर, पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *