ADVERTISEMENT

Sirmour: बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति की मौ*त ने उलझाई पुलिस, चालक के हेलमेट में घुसी मिली गो*ली

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक ऐसा रहस्यमयी मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी उलझाकर रख दिया है। शिलाई उपमंडल में चलती बाइक पर पीछे बैठे 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआत में मामला सड़क पर गिरने से लगी चोट का लग रहा था, लेकिन शाम होते-होते कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि हर कोई हैरान रह गया। बाइक चला रहे व्यक्ति के हेलमेट पर गोली का निशान मिला और उसके भीतर से एक गोली भी बरामद हुई। इसके बाद सुबह हुई मौत का मामला रहस्यमयी गोलीकांड से जुड़ गया।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कथित तौर पर गोली चलने और व्यक्ति को लगने की घटना सुबह करीब सात बजे हुई, लेकिन इसका पता लगभग आठ घंटे बाद शाम चार बजे चला। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर गोली कहां से चली, किसने चलाई और चलती बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति को कैसे लगी?

मृतक की पहचान खजान सिंह (55) निवासी जामु कोटी, रेणुका जी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब सात बजे खजान सिंह अपने चचेरे भाई रविंद्र (31) के साथ बाइक पर कोटी उतरो पंचायत के एक गांव से घर लौट रहे थे। बाइक रविंद्र चला रहा था, जबकि खजान सिंह पीछे बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक रविंद्र को महसूस हुआ कि पीछे बैठे खजान सिंह अचेत हो गए हैं। कुछ ही देर बाद वह बाइक से नीचे गिर पड़े। उस समय रविंद्र को न तो गोली चलने की आवाज सुनाई दी और न ही उन्हें इस बात का अंदेशा हुआ कि खजान सिंह को गोली लगी हो सकती है। शुरुआत में परिजनों और साथ आए लोगों ने चोट लगने की वजह पत्थर लगना समझा।

सुबह की इस घटना को लेकर असली रहस्य तब गहराया, जब शाम करीब चार बजे रविंद्र ने अपना हेलमेट देखा। हेलमेट पर गोली का निशान दिखाई दिया। जब उसकी जांच की गई तो भीतर से एक गोली भी बरामद हुई। इसके बाद सुबह हुई घटना को लेकर संदेह गहरा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि गोली पहले पीछे बैठे खजान सिंह के सिर से होकर निकली और फिर बाइक चला रहे रविंद्र के हेलमेट में जा धंसी। हालांकि, गोली लगने की पूरी परिस्थितियों और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पीजीआई पहुंचने से पहले रास्ते में तोड़ा दम

खजान सिंह को घायल अवस्था में उपचार के लिए पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया था। वहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया, लेकिन उन्होंने पीजीआई पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को नाहन मेडिकल कॉलेज लाया गया। घटना आवत गांव के आसपास की बताई जा रही है।

हेलमेट में गोली मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद नाहन से अतिरिक्त थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शाम करीब सवा छह बजे बाइक चला रहे रविंद्र के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने घटनास्थल और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खजान सिंह की मौत के वास्तविक कारणों और गोली लगने से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल शिलाई पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

इस पूरे घटनाक्रम ने कई ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब तलाशना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। क्या किसी अज्ञात शिकारी की बंदूक से चली गोली खजान सिंह को लगी? क्या इसके पीछे कोई आपसी रंजिश थी या फिर घटना की वजह कुछ और है? फिलहाल इन सभी सवालों पर सिर्फ कयास लगाए जा सकते हैं। सुबह सड़क पर हुई घटना को पहले सामान्य चोट समझा गया, लेकिन शाम को हेलमेट के भीतर से निकली गोली ने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी। करीब आठ घंटे तक अनजान रहा यह घटनाक्रम अब सिरमौर के रहस्यमयी गोलीकांड के रूप में चर्चा में है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही इस गुत्थी के सुलझने की उम्मीद है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *