Khabron wala
राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने नशा तस्करों पर एक और बड़ा प्रहार किया है। पुलिस की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक किशोर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 40 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने इन सभी मामलों में अभियोग पंजीकृत कर नशे के इस नैटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने शुरू कर दिए हैं।
पहली कार्रवाई में स्पैशल सैल शिमला की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर पुलिस चौकी शोघी के समीप नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली। जांच के दौरान बस में सवार एक किशोर की सीट से पारदर्शी पैकेट में रखा गया लगभग 14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने किशोर को सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश करने के उपरांत सुधार गृह (ऑब्जर्वेशन होम) भेज दिया है।
पुलिस को दूसरी सफलता ठियोग थाना क्षेत्र के अंतर्गत मिली, जहां डिटैक्शन सैल की टीम ने एक पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर भुई (हुल्ली) के समीप एक कार को जांच के लिए रोका। पुलिस टीम ने जब वाहन की तलाशी ली, तो कार के अगले फुटमैट के नीचे बड़ी चालाकी से छिपाकर रखा गया 6.11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही कार सवार कोटखाई निवासी तीन युवकों गुलशन चौहान, रितेश धांटा और उज्ज्वल को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, तीसरी कार्रवाई में स्पैशल सैल की टीम ने शिलाबाग की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान ड्राइवर सीट के कवर के भीतर छिपाकर रखा गया 22.6 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने कोटखाई के ही रहने वाले पापिल भूषण और सुरेश को दबोचा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस खेप के साथ पकड़ा गया मुख्य आरोपी पापिल भूषण एक शातिर व आदतन अपराधी है, जो इससे पूर्व भी एनडीपीएस और पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत सलाखों के पीछे जा चुका है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि इस नशे के इस नैटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके।









