Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार रात को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में बाइक सवार 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर दुनाली और गैहरा के बीच हुआ। मृतकों की पहचान पठानकोट (पंजाब) निवासी ज्योति और अनिल कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर PB-35U-2347) पर सवार होकर मणिमहेश दर्शन के लिए जा रहे थे। रात करीब 8 बजे जैसे ही वह दुनाली और गैहरा के बीच हनुमान मंदिर के पास पहुंचे तो बाइक बेकाबू होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी गैहरा के जवान और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा खाई में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया और आवश्यक कार्रवाई के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे की खबर से दोनों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।












