Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कहा कि सरकार मादक पदार्थों के पूरे नेटवर्क को खत्म करेगी, जिसमें वित्तीय अवसंरचना भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए नूरपुर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि हालिया कार्रवाई में लगभग 3.27 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। जब्त की गई संपत्तियों में एक आलीशान घर, जमीन, होटल, दुकानें, गाड़ियां और बैंक खाते शामिल हैं।
सुक्खू ने कहा, ‘जिन लोगों ने मादक पदार्थों को बेचकर आलीशान घर बनाए, होटल और दुकानें खरीदीं और महंगी गाड़ियां लीं, उन्हें यह समझना चाहिए कि यह पैसा मेहनती लोगों, गरीबों और उन परिवारों का है, जिनके बच्चे नशे की लत के जाल में फंस गए हैं।’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ एक व्यापक अभियान शुरू किया है और नशीले पदार्थों की तस्करी से गैर-कानूनी तरीके से बनाई गई संपत्ति अपराधियों के पास नहीं रहने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीति सिर्फ ड्रग तस्करों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य मादक पदार्थों के सम्पूर्ण नेटवर्क को खत्म करना है, जिसमें उसकी वित्तीय अवसंरचना और गैर-कानूनी कमाई से बनाई गई संपत्तियां भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘पुलिस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को इस दिशा में सख्त कार्रवाई करने की पूरी आजादी है और सरकार उन्हें हरसंभव मदद दे रही है।’ सुक्खू ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर में अब तक 17 मामलों में 29.95 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने इस कार्रवाई को ड्रग माफिया के खिलाफ सरकार की सख्त नीति का नतीजा बताया।












