Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में जेल की चारदीवारी के भीतर भी नशा पहुंचाने की कोशिशें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. अब नशा तस्करी का एक ऐसा तरीका सामने आया है, जिसने जेल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिला कारागार हमीरपुर में बंद एक कैदी के लिए बाहर से लाए गए जूतों के अतिरिक्त सोल में संदिग्ध नशीली गोलियां छिपाकर पहुंचाई जा रही थीं. हालांकि जेल में तैनात वार्डर की सतर्कता से प्रतिबंधित सामग्री बंदी तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई. पुलिस ने इस मामले में सामान लेकर पहुंचे व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने बताया कि घटना वीरवार शाम करीब 4:20 बजे की है. डूंगरी निवासी संजीव कुमार जिला कारागार हमीरपुर में बंद एक व्यक्ति से मिलने पहुंचा था. वह बंदी के लिए जूते और कुछ अन्य सामान लेकर आया था. जेल में प्रवेश से पहले नियमानुसार सामान की जांच की जा रही थी. इसी दौरान जेल वार्डर बबलू कुमार ने जूतों की बारीकी से तलाशी ली तो दोनों जूतों के अतिरिक्त सोल में सफेद रंग की संदिग्ध गोलियां छिपाई हुई मिली. तलाशी के दौरान गोलियां मिलने से जेल परिसर में हड़कंप मच गया.
वार्डर ने तत्काल जेल प्रशासन को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया. वहीं, मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है, क्योंकि गोलियां सामान्य सामान के साथ खुले तौर पर नहीं, बल्कि जूतों के सोल में छिपाकर लाई गई थीं. इससे आशंका जताई जा रही है कि प्रतिबंधित सामग्री को जांच से बचाकर जेल के भीतर बंदी तक पहुंचाने की योजना थी. हालांकि, इन गोलियों की वास्तविक प्रकृति और उन्हें जेल में पहुंचाने के पीछे की मंशा जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.
“जूतों से बरामद गोलियां नशीली होने की आशंका है. पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है. सामान लेकर पहुंचे व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.” – बलवीर ठाकुर, एसपी हमीरपुर
रिपोर्ट के बाद होगी नशीले पदार्थ की पुष्टि
वहीं, एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही बरामद गोलियों के नशीले पदार्थ होने की पुष्टि होगी. अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गोलियां किसके लिए लाई गई थीं और इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं. जेल में प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने की इस कोशिश ने एक बार फिर मुलाकातियों के सामान की जांच और जेल की सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत को सामने ला दिया है.










