Khabron wala
हिमाचल प्रदेश पुलिस में अपनी तकनीकी दक्षता और अपराधों के अन्वेषण में उल्लेखनीय योगदान के लिए पहचान बनाने वाले मुख्य आरक्षी अमरेंद्र सिंह अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में सेवाएं देंगे. उनकी नियुक्ति चंडीगढ़ स्थित एनआईए कार्यालय में हुई है. एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने इसकी पुष्टि करते हुए अमरेंद्र सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
अमरेंद्र सिंह ने जिला सिरमौर में पुलिस सेवा के दौरान कई जघन्य अपराधों को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई है. इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में हुए गंभीर अपराधों के खुलासे में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है. वर्ष 2014 में उन्होंने जिला सिरमौर पुलिस में आधुनिक तकनीक आधारित कार्यशैली की शुरुआत की थी. इससे अपराधों की रोकथाम और अन्वेषण में तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल को बढ़ावा मिला.
साइबर अपराधों की जांच और तकनीकी अन्वेषण में उनकी विशेषज्ञता का लाभ अन्य पुलिस इकाइयों को भी मिला. उन्होंने विशेष यूनिटों और प्रदेश के विभिन्न जिलों की पुलिस टीमों को साइबर अपराधों की जांच व तकनीकी अन्वेषण के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया. जटिल मामलों को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुलझाने की उनकी कार्यशैली ने उन्हें पुलिस महकमे में अलग पहचान दिलाई.
डीजीपी डिस्क, साइबर अन्वेषक बैज और करीब 50 प्रशंसा पत्रों से सम्मानित
पुलिस सेवा में सराहनीय योगदान के लिए अमरेंद्र सिंह को पुलिस महानिदेशक का सम्मान (डीजीपी डिस्क), साइबर अन्वेषक बैज और करीब 50 प्रशंसा प्रमाण-पत्र मिल चुके हैं. इसके अलावा उन्हें पुलिस प्राइड अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है. वर्ष 2025 में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और असाधारण कार्यों के लिए उन्हें विशेष पदोन्नति (आउट ऑफ टर्न प्रमोशन) प्रदान की गई थी.
अमरेंद्र सिंह की पहचान केवल तकनीकी जांच और अपराधों के अन्वेषण तक सीमित नहीं है. वह सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं. रक्तदान जैसे मानवीय अभियानों में उनकी भागीदारी और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने का उनका जज्बा उन्हें एक संवेदनशील पुलिसकर्मी के रूप में भी पहचान दिलाता है.
एसपी और डीएसपी ने दी शुभकामनाएं
एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने अमरेंद्र सिंह की एनआईए में नियुक्ति की पुष्टि करते हुए बताया कि वह चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में अपनी सेवाएं देंगे. उन्होंने कहा कि अमरेंद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश पुलिस में अपनी मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और तकनीकी दक्षता से सराहनीय योगदान दिया है. उनकी उपलब्धियां विभाग के लिए गौरव का विषय हैं. उन्होंने नई जिम्मेदारी के लिए अमरेंद्र सिंह को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
वहीं, डीएसपी मुख्यालय शक्ति सिंह ने भी अमरेंद्र सिंह को एनआईए में नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि उनकी मेहनत, लगन और तकनीकी दक्षता पुलिस विभाग के अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है. उन्होंने एनआईए में उनके सफल कार्यकाल की कामना की।











