शिलाई जल शक्ति विभाग में भर्ती को लेकर बलदेव तोमर ने उठाए सवाल, विजिलेंस जांच की मांग
Khabron wala
भाजपा के शिलाई से पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने पांवटा साहिब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान शिलाई जल शक्ति विभाग में चल रही भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा बीते कल सरकारी अवकाश घोषित किए जाने के बावजूद शिलाई जल शक्ति विभाग में छुट्टी के दिन भी भर्ती प्रक्रिया जारी रखी गई।
बलदेव तोमर ने दावा किया कि भर्ती के लिए करीब 700 अभ्यर्थियों में से मात्र 120 को ही बुलाया गया, जबकि शेष अभ्यर्थियों को प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। उन्होंने शिलाई कांग्रेस के एक नेता के स्कूल से कथित तौर पर आठवीं कक्षा की फर्जी मार्कशीट जारी किए जाने का आरोप भी लगाया। उनका दावा है कि भर्ती में अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मार्कशीट जारी की गईं और उनमें 90 प्रतिशत से अधिक अंक दर्शाए गए, ताकि संबंधित अभ्यर्थियों को भर्ती में फायदा मिल सके। पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले की विजिलेंस जांच करवाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर भर्ती प्रक्रिया और मार्कशीट जारी करने से जुड़े पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी तथा यदि कोई दोषी पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। वही इस मामले में जब जल शक्ति विभाग के एस.सी राजीव महाजन से बात की गई तो उन्होंने ख़ुद को अस्वस्थ बताते हुए हस्पताल में भर्ती होने की बात कही जबकि एसडीएम शिलाई ने बताया कि उन्हें एक ज्ञापन प्राप्त हुआ है जिसमें भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की गई है उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग के उच्चाधिकारी से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है!








