Khabron wala
बिलासपुर में एक पुलिस कर्मी द्वारा दूसरे पुलिस कर्मी पर कथित तौर पर सर्विस रिवाल्वर तान दी। पुलिस कर्मियों के बीच हुआ यह विवाद अब पुलिस अधिकारियों के समक्ष पहुंच गया है। पुलिस अधिकारियों के पास मसला पहुंचने के बाद इस गंभीर मसले की जांच भी शुरू हो गई है। पुलिस कर्मी द्वारा ही अन्य पुलिस कर्मी पर ड्यूटी के दौरान इस तरह से पिस्टल तान देने का मसला गंभीर बन गया है। ऐसे में अब पुलिस भी इस मसले की गंभीरता को देखते हुए गहनता से जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार गत रविवार रात्रि पुलिस की एक स्पेशल टीम टनल-2 के आसपास ड्यूटी पर थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक अन्य पुलिस टीम भी यहां पर पहुंची। करीब पांच पुलिस कर्मियों की दो टीमें एक जगह पर एक साथ पहुंचने के चलते किसी बात को लेकर दो पुलिस कर्मियों में आपस में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौच शुरू हो गई।
इस दौरान गुस्साए एक पुलिस कर्मी ने दूसरे पुलिस कर्मी पर पिस्टल भी तान दी। हालांकि इससे बाद सभी पुलिस कर्मी अपनी-अपनी ड्यूटी के लिए रवाना हो गया। बताया जा रहा है कि इस बारे में संबधित पुलिस कर्मी की ओर से अपने उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवाया। सोमवार को पुलिस कर्मी की ओर से उच्च अधिकारियों से भी इस मसले को लेकर चर्चा की। इसके बाद ही इस तरह के मसले का खुलासा हो पाया। सूत्रों की मानें तो जिस पुलिस कर्मी पर पिस्टल तानी गई है, उस पुलिस कर्मी की ओर से अन्य आरोप भी लगाए गए हैं। उधर, इस बारे में एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने कहा है कि मसला उनके ध्यान में आया है। इसे लेकर जांच की जा रही है।










