राजगढ़ उपमंडल के सनोरा-छैला सडक़ मार्ग पर पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर टेंपो ट्रैवलर पर गिरने से एक महिला की मौत व एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टेंपो ट्रैवलर नंबर एचपी01बी-0709 सोलन से सनौरा-छैला सडक़ मार्ग होते हुए कोटखाई जिला शिमला की ओर जा रहा था। बुधवार को करीब 11:20 बजे टेंपो ट्रैवलर पर पहाड़ी से एक बडा पत्थर तेजी से लूडक़ता टेंपो ट्रैवलर की छत पर आ गिरा। ट्रैवलर में चालक व 11 यात्री सवार थे।
पत्थर टेंपो ट्रैवलर की छत तोडकर महिला व पुरूप के ऊपर गिरा। जिसमें महिला की मौत हो गई तथा 2 लोग अन्य घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की सहायता से महिला तथा घायलों को सोलन अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर सोलन में क्षेत्रीय अस्पताल के डॉक्टरों ने 50 वर्षीय महिला अनीता चौहान पत्नी प्रमोद कुमार गांव मानेवल तहसील कोटखाई जिला शिमला को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय कांशीराम पुत्र आत्मा राम निवासी टिक्कर तहसील ठियोग जिला शिमला का इलाज चल रहा है।
शेष यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। राजगढ़ पुलिस थाना की पझौता पुलिस चौकी टीम ने मौके पर पहुंचकर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि पहाड़ी से पत्थर गिरने से टेंपो ट्रैवलर्स में सवार 11 यात्रियों में से एक महिला की मौत हुई है। जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति का इलाज सोलन अस्पताल में चल रहा है।










