Shimla: अब सीएम डैशबोर्ड से होगी सरकारी योजनाओं की रियल टाइम मॉनीटरिंग

Khabron wala 

राज्य में सरकारी योजनाओं के कामकाज को और अधिक पारदर्शी और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए अब मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के जरिए विकास कार्यों की रियल टाइम निगरानी की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नैंस विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए इसके स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सी.एम. डैशबोर्ड के विकास और उसकी कार्यप्रणाली की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से बागवानी विभाग के उन कार्यक्रमों का जायजा लिया, जिन्हें इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के अन्य सभी विभाग भी अपने-अपने फ्लैगशिप कार्यक्रमों की तुरंत पहचान करें, ताकि उन्हें भी जल्द से जल्द मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के दायरे में लाकर उनकी पल-पल की मॉनीटरिंग सुनिश्चित की जा सके।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य यह है कि सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के समाज के अंतिम और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका सीधा असर जमीन पर दिखना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति और उनके जमीनी क्रियान्वयन को जांचने के लिए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड एक बेहद कारगर और अचूक माध्यम साबित होगा। इस उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश के राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, सचिव सी. पालरासु व सचिव आशीष सिंहमार सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!