Khabron wala
पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत माजरा-दियोली गांव में एक साधारण लड़ाई-झगड़े के मामले ने तब गंभीर रूप ले लिया जब जांच के दौरान पुलिस को विस्फोटक सामग्री (ग्रेनेड) बरामद हुई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक और ग्रेनेड बरामद किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी बद्दी ने एसआईटी का गठन किया है, जबकि केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी मामले की जांच में सक्रिय हो गई हैं।
खेत में मिला दूसरा ग्रेनेड, बम निरोधक दस्ते ने किए डिस्पोज
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले माजरा-दियोली में लड़ाई-झगड़े की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान जांच में पुलिस को सबसे पहले एक ग्रेनेड मिला। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ निवासी गांव माजरा, बरूणा, नालागढ़ को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पहले एक और फिर उसके घर के साथ लगते खेत से दूसरा ग्रेनेड बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपी की पत्नी किरना को भी गिरफ्तार कर लिया है। पंजाब पुलिस के बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया, जिसने पूरी सावधानी बरतते हुए दोनों ग्रेनेड को सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया है।
आरोपी पति 5 अक्तूबर तक रिमांड पर
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 5 अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, उसकी आरोपी पत्नी को भी आज अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपी रशीद के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से छानबीन कर रही है।
केंद्रीय एजेंसियां कर रहीं सोर्स की जांच
मामले में आतंकी या किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क के तार जुड़े होने की आशंका के चलते राष्ट्रीय जांच एजेंसी और इंटेलिजेंस ब्यूरो जैसी केंद्रीय एजेंसियां भी इनपुट जुटा रही हैं। जांच एजेंसियों का मुख्य फोकस इस बात का पता लगाना है कि आरोपी के पास ये हाई-एक्सप्लोसिव ग्रेनेड कहां से आए और इन्हें यहां लाने के पीछे उनका क्या मकसद था।
मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही एसआईटी
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है। एसआईटी इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। ग्रेनेड के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए पुलिस की आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।









