Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रिपल अटैक किया है। पुलिस ने जिले में 3 अलग-अलग मामलों में अफीम और चिट्टे (हैरोइन) की खेप के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तस्करी में इस्तेमाल किए गए 3 वाहनों को भी जब्त कर लिया है। सोलन के पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रय वार्मा ने इन सभी मामलों की पुष्टि की है।
धाली सड़क पर कार से 102.22 ग्राम अफीम बरामद
एसपी साईं दत्तात्रय वार्मा ने बताया कि पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर गांव धाली सड़क पर एक संदिग्ध कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में बैठे व्यक्ति के कब्जे से 102.22 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी की पहचान 41 वर्षीय सतीश कुमार ठाकुर (निवासी बिलासपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त कार को सीज कर लिया है।
धर्मपुर में नाकाबंदी के दौरान 10.41 ग्राम चिट्टा पकड़ा
दूसरा मामला पुलिस थाना धर्मपुर के अधिकार क्षेत्र का है। यहां पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से 10.41 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान कसौली निवासी 33 वर्षीय तजिंदर सिंह के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
पट्टा मोड़ पर 23.55 ग्राम चिट्टे के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
तीसरे मामले में भी धर्मपुर पुलिस की एसआईयू टीम ने 7 अगस्त को पट्टा मोड़ के समीप नाका लगाया हुआ था। जांच के लिए रोकी गई एक कार में सवार दो युवकों के पास से पुलिस ने 23.55 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 41 वर्षीय गौरव शर्मा निवासी शिमला और 28 वर्षीय मंथन ठाकुर निवासी कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनकी कार को भी कब्जे में ले लिया है।
आपराधिक रिकॉर्ड और नैटवर्क खंगाल रही पुलिस
एसपी साईं दत्तात्रय वार्मा ने बताया कि इन तीनों मामलों में पकड़े गए चारों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि अफीम और चिट्टे की यह सप्लाई (स्रोत) कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस नशा माफिया के पूरे संभावित नैटवर्क को ध्वस्त करने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।









