ADVERTISEMENT

कालाअंब में नाले के तेज बहाव में बह गया 12 साल का मासूम, हरियाणा सीमा के पास मिला शव, परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

Khabron wala 

जिला सिरमौर के कालाअंब के रामपुर जटान क्षेत्र में मंगलवार सुबह नाले के किनारे खेलते समय 12 वर्षीय एक मासूम पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने एनडीआरएफ, होमगार्ड जवानों और स्थानीय लोगों के साथ सर्च अभियान शुरू किया। कई घंटे की तलाश के बाद शाम को हरियाणा सीमा में डेरा गांव के समीप बच्चे का शव बरामद हुआ।

जानकारी के अनुसार अमरजीत कुमार (12) पुत्र धर्मेंद्र कुमार निवासी करताहन, तहसील लालगंज, जिला वैशाली (बिहार) अपने साथियों के साथ नाले के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक पानी में गिर गया और तेज बहाव में बह गया।

बच्चे के बहने के बाद घटनास्थल के पास उसकी चप्पल मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस ने एनडीआरएफ और होमगार्ड जवानों के साथ स्थानीय लोगों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया। टीमों ने नाले के आसपास और बहाव वाले क्षेत्रों में बच्चे की तलाश की।

सुबह से शाम तक चले सर्च अभियान के दौरान टीमों ने नाले के बहाव वाले क्षेत्र में तलाश जारी रखी। शाम को हरियाणा सीमा में डेरा गांव के समीप बच्चे का शव बरामद कर लिया गया।

कालाअंब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है। हादसे के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

बता दें कि मंगलवार को जिले के ऊपरी इलाकों में जोरदार बारिश से निचले इलाकों में नदी-नाले अचानक उफान पर आ गए। माना जा रहा है कि पानी के तेज बहाव के बीच मासूम नाले में बह गया, जिसका शव शाम को बरामद हुआ।

उधर, जिला प्रशासन भी खराब मौसम और बारिश के दौरान लोगों को नदी-नाले से दूर रहने का आह्वान करता आ रहा है, ताकि किसी अनहोनी घटना से बचा जा सके।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!