श्री राम नाट्य क्लब बदरी नगर की रामलीला का भव्य समापन, श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ स्थापित हुआ रामराज्य
Khabron wala
पांवटा साहिब। श्री राम नाट्य क्लब बदरी नगर की रामलीला का 20 अक्टूबर 2026 को भव्य मंचन के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या लौटने पर अयोध्यावासियों द्वारा किए गए भव्य स्वागत का भावपूर्ण मंचन किया गया। श्रीराम के आगमन की खुशी में दीप प्रज्वलित किए गए और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया। रामराज्य की स्थापना के साथ ही पूरे वातावरण में हर्षोल्लास और भक्ति की भावना देखने को मिली।
रामलीला के सफल आयोजन पर श्री राम नाट्य क्लब ने सभी दानवीरों, सहयोगियों, रामभक्तों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। क्लब ने उन सभी दानी सज्जनों का विशेष अभिनंदन किया, जिन्होंने किसी न किसी रूप में भगवान श्रीराम की सेवा में अपना योगदान दिया। साथ ही, प्रतिदिन रामलीला देखने पहुंचे श्रद्धालुओं और दर्शकों का भी कोटि-कोटि धन्यवाद किया।
क्लब के अध्यक्ष धनवीर कपूर, उपाध्यक्ष बृजेश शर्मा और सचिव पंकज शर्मा ने सभी कलाकारों एवं क्लब सदस्यों का आभार जताया, जिन्होंने अपना बहुमूल्य समय समर्पित कर रामलीला को सफल बनाया। उन्होंने पत्रकारों और प्रिंट मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों का भी विशेष धन्यवाद किया, जिन्होंने रामकथा के विभिन्न प्रसंगों को समाचारों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया।
विशाल जनसमूह से मिले सहयोग और समर्थन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी वर्षों में भी रामलीला का मंचन और अधिक भव्य रूप में किया जाएगा। रामलीला का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों, चरित्र और जीवन मूल्यों का समाज में प्रचार-प्रसार करना है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने अपने जीवन के माध्यम से त्याग, मर्यादा, कर्तव्य, सेवा और लोककल्याण का संदेश दिया। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
अंत में श्री राम नाट्य क्लब के सभी सदस्यों ने क्षेत्रवासियों को आगामी त्योहारों एवं दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।









