बदरी नगर रामलीला में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन, नवनीत चौधरी ने क्लब को भेंट किए 11 हजार रुपये
Khabron wala
श्री राम नाट्य क्लब बदरी नगर की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को रामलीला का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध, लक्ष्मण मूर्छा, मेघनाद वध, रावण वध तथा रावण द्वारा लक्ष्मण को ज्ञान प्रदान करने सहित कई महत्वपूर्ण दृश्यों का मंचन किया गया। दर्शकों की मांग पर विशेष रूप से कालनेमि के प्रसंग का भी मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
रामलीला में कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय और भावपूर्ण संवादों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से श्रीराम और रावण के बीच हुए संवाद ने खूब तालियां बटोरीं। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे और उन्होंने स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ और ‘जय शिव शंभू’ के उद्घोष से पूरा पंडाल गूंज उठा।
नवनीत चौधरी ने क्लब को भेंट किए 11 हजार रुपये
कार्यक्रम में कुमारी नवनीत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ श्री अनिल सैनी, श्री नरेश खापड़ा, श्री दीपक और श्रीमती आशा देवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। क्लब की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुमारी नवनीत चौधरी ने श्री राम नाट्य क्लब को 11,000 रुपये की धनराशि भेंट की।
कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष धनवीर कपूर, महासचिव पंकज शर्मा, बृजेश शर्मा, रजनीश खापड़ा, सोमनाथ अग्रवाल और नवीन कौशिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भारतीय संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों का संदेश
क्लब के अध्यक्ष धनवीर कपूर और महासचिव पंकज शर्मा ने विशाल जनसमूह से मिले सहयोग और समर्थन के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि श्री राम नाट्य क्लब आने वाले वर्षों में भी रामलीला का आयोजन और अधिक भव्य रूप में करेगा।
उन्होंने कहा कि रामलीला मंचन का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाना और भगवान श्रीराम के आदर्शों का प्रचार-प्रसार करना है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि किस प्रकार व्यक्ति अपने कर्तव्यों, मर्यादा और समाज के कल्याण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर सकता है।
कार्यक्रम के अंत में क्लब के सभी सदस्यों ने क्षेत्रवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं और इस पर्व को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बताया।











