ADVERTISEMENT

Himachal: निषाद कुमार का पैरा एशियाई खेलों में डबल धमाका, लॉन्ग जंप के बाद हाई जंप में भी जीता गोल्ड

Khabron wala 

जापान के नागोया में आयोजित 5वें पैरा एशियाई खेलों में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब उपमंडल के छोटे से गांव बदाऊं के रहने वाले भारतीय पैरा एथलीट निषाद कुमार ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई है। निषाद कुमार ने हाई जंप स्पर्धा में 2.04 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इससे पहले वह लॉन्ग जंप स्पर्धा में 7.11 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इस तरह निषाद ने दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अंतर्राष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। निषाद कुमार का यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि वह हाई जंप में लंबे समय से भारत का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं और इस स्पर्धा में अपनी पहचान विश्वस्तरीय खिलाड़ी के रूप में स्थापित कर चुके हैं।

लॉन्ग जंप में पहली बार पैरा एशियाई खेलों में हिस्सा लेते हुए स्वर्ण पदक जीतना उनकी बहुमुखी खेल प्रतिभा को दर्शाता है। लगातार दो स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल कर उन्होंने साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। निषाद कुमार वर्ष 2019 से हाई जंप में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2019 की विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।

इसके बाद 2022 और 2024 में विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक तथा वर्ष 2025 में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी सफलता का सिलसिला जारी रखा। वर्ष 2023 के पैरा एशियाई खेलों में भी निषाद स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2021 और 2024 के पैरालंपिक खेलों में हाई जंप स्पर्धा में रजत पदक जीतकर उन्होंने देश का नाम रोशन किया था। निषाद की इस शानदार उपलब्धि से उनके पैतृक गांव बदाऊं सहित अम्ब क्षेत्र और ऊना जिले में खुशी का माहौल है।

निषाद के पिता रछपाल, माता पुष्पा देवी और बहन रमा देवी ने उनकी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे परिवार के लिए गर्व और प्रसन्नता से भरपूर पल बताया। निषाद कुमार की यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *