सिरमौर जिला के नारग वन परिक्षेत्र की वासनी बीट में वीरवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक तेंदुए की मृत पाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार को एक तेंदुआ वासनी पंचायत के सरोल गांव में घुस गया। जहां पर खुंखार तेंदुए ने लोगों पर हमला भी किया। जब लोगों ने तेंदुए को पत्थर और डंडों से भगाने की कोशिश की, तो तेंदुए ने हमला ग्रामीणों पर किया। ग्रामीणों ने खूंखार तेंदुए की जानकारी वन विभाग नारग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग नारग के कर्मचारी तेंदुए को पकडऩे पहुंचे। मगर तब तक सरोल गांव के समीप बह रहे नाले में तेंदुए को मृत पाया गया।
नारग वन विभाग के वन परिक्षेत्र अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि वासनी बीट सरोल गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में तेंदुए की मौत की सूचना मिलते ही तेंदुए के शव को कब्जे में ले लिया गया। तेंदुए का पोस्टमार्टम करवाने के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा हो पाएगा कि तेंदुए की मौत कैसे हुई। साथ ही वन्य प्राणी अधिनियम के तहत पुलिस थाना में मामला दर्ज करवा दिया गया है।