टोंस नदी के किनारे एक किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। किशोर की शिनाख्त 15 वर्षीय कमलेश पुत्र जगत सिंह निवासी नघेता के तौर पर हुई है। उधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक किशोर एक जनवरी को घर से लापता हुआ था। इसके बाद परिजनों ने कमलेश को हर जगह तलाशा। रिश्तेदारों में भी लापता कमलेश को ढूंढने के भरसक प्रयास किए |
लेकिन जब उसका कोई सुराग न लगा तो परिजनों ने पुलिस थाना में गुमशूदगी का मामला दर्ज कराया। करीब 17 दिन बाद किशोर का शव टोंस नदी के किनारे मिला। बताया जा रहा है कि इसी गांव का एक व्यक्ति अपने रिश्तेदारी से घर लौट रहा था, तो उसकी नजर नदी में किशोर पर पड़ी। किशोर के साथ एक बैग भी मिला। इसकी सूचना परिजनों के साथ साथ पुलिस को दी। गांव के लोगों ने एकत्रित होकर शव निकाला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि किशोर दिव्यांग था। वह बोल नहीं पाता था। मामले की पुष्टि एसएचओ विजय रघुवंशी ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।












