ADVERTISEMENT

PM नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया: डॉ. राजीव बिंदल

Khabron wala 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को नाहन विधानसभा क्षेत्र की बर्मा पापड़ी पंचायत में ‘विकसित भारत संकल्प सभा- सेवा ज्योति यात्रा’ का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों एवं क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सत्ता को कभी व्यक्तिगत सुख-सुविधा का माध्यम नहीं माना, बल्कि सत्ता को सेवा का माध्यम और सेवा को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 12 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 13 वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने राष्ट्रसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए गरीब की सेवा, किसान की सेवा, महिला सशक्तीकरण, युवाओं को अवसर उपलब्ध करवाना और देश की सुरक्षा एवं सम्मान को मजबूत करना शासन के केंद्र में रहा है।

आज भारत विश्व में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है।

सिरमौर के विकास में मोदी सरकार का महत्वपूर्ण योगदान

बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सिरमौर जिले के विकास को नई गति प्रदान की है। सिरमौर में भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) की स्थापना होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे सिरमौर को राष्ट्रीय स्तर की उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान मिली है तथा युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और नए अवसरों के द्वार खुले हैं।

उन्होंने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज के लिए केंद्र सरकार द्वारा ₹260 करोड़ की राशि प्रदान की गई। मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण संस्था से न केवल क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं, बल्कि चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने सिरमौर की शिक्षा और स्वास्थ्य आवश्यकताओं को समझते हुए ठोस कार्य किया है।

दशकों से लंबित जल परियोजनाओं को मिली गति

डॉ. बिंदल ने कहा कि सिरमौर जिले की दशकों से लंबित महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में नई गति मिली है। श्री रेणुकाजी बांध परियोजना और किशाऊ बांध परियोजना सिरमौर ही नहीं, बल्कि हिमाचल के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि लगभग ₹15,624 करोड़ की किशाऊ बांध परियोजना को स्वीकृति मिलना एक बड़ी उपलब्धि है। इस परियोजना के ₹12,090 करोड़ के जल घटक का खर्च केंद्र की मोदी सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है।

इससे यह स्पष्ट होता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल और विशेषकर सिरमौर के विकास को लेकर कितनी गंभीरता से कार्य कर रही है।

सिरमौर में विकास को मिली गति

डॉ. बिंदल ने कहा कि सिरमौर जिला में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क परियोजनाएं, अन्य सड़कें, जल जीवन मिशन के अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना जैसी अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता उठा रही है।

हिमाचल सरकार ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए

डॉ. बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 वर्षों से लगातार सेवा और राष्ट्रनिर्माण के कार्य में जुटे हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने चुनावी वादों और 10 गारंटियों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के समय प्रदेश की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनता को लगातार निराश किया। महिलाओं को ₹1,500 देने की गारंटी पूरी नहीं हुई।

युवाओं को रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं करवाए गए। कांग्रेस ने जनता को महंगाई से राहत देने के बजाय बिजली, पानी और अस्पतालों की सेवाओं पर शुल्क बढ़ाकर आम आदमी की परेशानियां और बढ़ा दी हैं।

 

 

 

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *