प्राइवेट फाइनेंसर लोगों का जीवन तबाह कर रहे हैं और ऋण एवं बचत सहकारी सभाएं इसका समाधान ही नहीं बल्कि तोड़ है। यह बात एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह ने यहां जिला सहकार सभा के भवन में दी हिमालयन ऋण एवं बचत सहकारी सभा के साधारण अधिवेशन में बतौर मुख्यातिथि कही। उन्होंने कहा कि सहकारी आंदोलन से प्रदेश के हजारों हाथों को रोजगार मिला हुआ है। सहकारी आंदोलन से सिर्फ एक या दो परिवार को रोजगार नहीं बल्कि पूरे समाज को रोजगार मिलता है। उन्होंने कहा कि सरकार सहकारी सभाओं को सीधे तौर पर ऋण व अनुदान देती है और सभी सहकारी सभाओं को इसका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब सहकारी सभाओं में बचत एवं ऋण सभाएं भी सरहनीय काम कर रही है और साहुकार एवं प्राइवेट फाइनेंसरों से इन सभाओं ने छुटकारा दिलवाया है।
एचपीएमसी उपाध्यक्ष ने कहा कि कुल्लू से शुरू हुई दी हिमालय बचत एवं ऋण सहकारी सभा सराहनीय कार्य कर रही है। इस सभा के 800 सदस्य हैं और यह सदस्य बचत के अलावा गरीब व असहाय लोगों की सहायता के लिए सस्ते ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवा रही है। जिससे कई लोग रोजगार कमा रहे हैं और बहुत सारे लोगों ने अपने आशियाने बनाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्राइवेट फाइनेंसरों ने कई परिवार तबाह कर दिए हैं और बाहुबल से लोगों की संपतियां जब्त कर देते हैं। इन फाइनेंसरों से छुटकारा पाने के लिए इस तरह की सहकारी सभाओं का होना आवश्यक है ताकि गरीब लोगों की सहायता भी हो सके और बचत भी। उन्होंने कहा कि एचपीएमसी द्वारा प्रदेश में क्रांतिकारी कार्य किए जा रहे हैं जिसका शीघ्र खुलासा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के बागवानों को एचपीएमसी करोड़ों के तोहफे देने जा रहा है। इससे पहले सहकारी सभा के सदस्यों ने मुख्यातिथि व अन्य अथितियों का कुल्वी परंपरा के साथ भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सहायक पंजीयक सभाएं कुल्लू, एसआर सरहली सेवानिवृत्त निरीक्षक सहकारी सभाएं कुल्लू, विवेक शर्मा विकास अधिकारी खादी ग्रामोद्योग कुल्लू एवं लाहुल-स्पीति, एसआर आजाद सेवानिवृत्त सहायक अभियंता,ज्ञान चंद ठाकुर सेवानिवृत्त कनिष्ठ अभियंता, धनेश गौतम अध्यक्ष नॉर्थ इंडिया पत्रकार एसोसिएशन व सहकारी सभा के संरक्षक केएस पराशर आदि मौजूद रहे।











