(धनेश गौतम ) कुल्लू पुलिस ने शनिवार को 60 किलोग्राम चरस जला कर नष्ट की। यह चरस कुल्लू व पतलीकूहल थाने के अंतर्गत 44 मामलों में पकड़ी थी।पुलिस लाइन में नशीली दवाओं के निस्तारण समिति ने सभी मामलों की संपत्तियों के निपटान के बाद पुलिस स्टेशन सदर और पुलिस स्टेशन पतलीकूहल के वर्ष 2019 के 44 मामलों की छानबीन की, जिसके लिए 52 ए प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी और उन्हें परीक्षण के लिए आवश्यक नहीं है। इसी के तहत 59.587 किलोग्राम चरस मानक संचालन प्रक्रिया और नियमों का विस्तार करते हुए नष्ट कर दी गई। एसपी कुल्लू ने बताया कि चरस के मामलों में किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा।
गौर रहे कि कुल्लू पुलिस ने वर्ष 2019 में 90 किलोग्राम चरस पकड़कर 10 वर्ष पुराना रिकार्ड तोड़ दिया है। वर्ष 2019 कुल्लू पुलिस के लिए सफल रहा है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह की अगुवाई में पुलिस ने चरस पकड़ने के मामले में दस साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पुलिस ने इस वर्ष 90 किलो चरस पकड़ी है। दस साल पहले इतनी अधिक मात्रा में चरस पकड़ी गई थी। वर्ष 2009 में पुलिस ने 80 किलो चरस पकड़ी थी। पुलिस ने चिट्टा तस्करों पर भी शिकंजा कसा है।
वर्ष 2018 में करीब 644 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया था, जो 2019 में बढ़कर अभी तक 903 ग्राम तक पहुंचा है। एसपी कुल्लू की रणनीति ड्रग्स व चरस के सोर्स से लेकर अंतिम पड़ाव तक नेटवर्क को तोड़ रही है। नशे के खिलाफ एसपी कुल्लू गौरव सिंह की सख्ती लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है। चरस माफिया भी एसपी की सख्ती से बेदम हो गया है। इसके साथ ही पुलिस ने इस साल भांग व अफीम की खेती करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 18 मुकदमे दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही चरस तैयार करने वाले ठिकानों पर रेड कर रिकवरी की गई और आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया। कुल्लू पुलिस ने मुख्य सप्लायर को टारगेट कर एनडीपीएस की धारा 29 के अंतर्गत इस साल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वर्ष 2018 में चार आरोपी ही गिरफ्तार हुए थे। इतना ही नहीं इस वर्ष पुलिस टीम ने 3 चरस व चिट्टा सप्लायर की फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन कर उनकी लगभग 30 लाख रुपये की अवैध संपत्ति भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि चरस, अफीम उगाने वाले, चरस की मालिश व स्टॉकिंग करने, चरस-अफीम के मुख्य सप्लायर ज्यादातर दिल्ली, नाइजीरियन आदि हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशा बेचने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस ने कुल्लू से नशे को समाप्त करने के लिए मुुहिम चलाई है। नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में साथ देकर कुल्लू को नशा मुुक्त बनाएं।











